साहित्य अकादमी के वृत्तचित्र को मणिपुरी राज्य फिल्म पुरस्कार

0
133

नई दिल्ली (हि.स.)। मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके ने इंफाल में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में 15वें मणिपुर स्टेट फिल्म अवॉर्ड्स का वितरण किया। साहित्य अकादमी द्वारा निर्मित और अरिबम स्याम सरमा द्वारा निर्देशित वृत्तचित्र “खुमन प्रकाश सिंह” को वर्ष 2023 के लिए “सर्वश्रेष्ठ जीवनी/कला और संस्कृति फिल्म” श्रेणी के तहत 15वें मणिपुर राज्य फिल्म पुरस्कार से नवाजा गया। पुरस्कार साहित्य अकादमी के सचिव डॉ. के. श्रीनिवासराव ने ग्रहण किया।

डॉ. श्रीनिवासराव ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि यह वृत्तचित्र साहित्य अकादमी की भारतीय साहित्य अभिलेखागार परियोजना के अंतर्गत निर्मित 164वां वृत्तचित्र था। साहित्य अकादमी द्वारा वर्ष 1997 में शुरू हुई भारतीय साहित्य अभिलेखागार परियोजना का उद्देश्य महत्वपूर्ण लेखकों और साहित्य से जुड़ी बहुमूल्य सामग्रियों को एकत्र और संरक्षित करने के साथ ही अकादमी द्वारा मान्यता प्राप्त सभी भाषाओं के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले प्रतिष्ठित भारतीय लेखकों और विद्वानों पर वृत्तचित्रों का निर्माण करना है। इस अवसर पर मणिपुर के मुख्य सचिव डॉ विनीत जोशी भी उपस्थित थे।

अकादमी ने अब तक अमृता प्रीतम, विंदा करंदीकर, गोपालकृष्ण अडिगा, डी. जयकांतन, धर्मवीर भारती, मुल्कराज आनंद, कुर्रतुलऐन हैदर, वैकम मुहम्मद बशीर, रहमान राही, महाश्वेता देवी, एमके बिनोदिनी, अशोक मित्रन, निर्मल वर्मा, मनोहर राय सरदेसाई, रस्किन बॉन्ड और सी. नारायण रेड्डी सहित अनेक भारतीय लेखकों पर 169 वृत्तचित्रों का निर्माण किया है।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here