BRIJENDRA BAHADUR MAURYA………………….
कबीर जयंती को राष्ट्रीय पर्व घोषित किया जायेगा : कौशल किशोर

लखनऊ। सदगुरु कबीर जयंती की पूर्व संध्या पर भारत सेना व भजन मण्डल समाज जागरूकता उत्थान समिति उत्तर प्रदेश का संयुक्त सम्मेलन यूपी प्रेस क्लब में गुरुवार को संपन्न हुआ । सम्मलेन में लखनऊ जनपद सहित अन्य आसपास के जनपद व दूसरे प्रदेशों से प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित पारख महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा क्षेत्र मोहनलालगंज के सांसद कौशल किशोर से सदगुरु कबीर जयंती को राष्ट्रीय पर्व घोषित कराये जाने के लिये ज्ञापन सौंपा गया ।
लखनऊ में सदगुरु कबीर शोध विश्वविद्यालय स्थापित कराए जाने, विधानसभा बापू भवन के चौराहे पर सदगुरू कबीर की मूर्ति स्थापित कराये जाने तथा लखनऊ में सदगुरु कबीर के नाम से एक विशाल पार्क बनवाये जाने, आलमबाग नहर (अवध हॉस्पिटल) दुबग्गा मार्गो का सदगुरु कबीर के नाम से नामकरण कराये जाने की मांग की गयी ।
कौशल किशोर ने मांगों को संज्ञान में लेते हुए कहा कि हम सरकार से वार्ता करके इन मांगों को पूरा कराने का हर संभव प्रयास करेंगे। कौशल किशोर ने बताया कि सदगुरु कबीर जयंती को राष्ट्रीय अवकाश घोषित कराने की मांग लोकसभा के सदन में हम रख चुके हैं और जिस पर कार्रवाई चल रही है । कौशल किशोर ने अपने संबोधन में कहा कि सदगुरु कबीर ने हिंदू मुस्लिम दोनों धर्मों के लोगों को एक सूत्र में पिरोने का काम किया है । दुनिया में सदगुरु कबीर एकमात्र ऐसे संत शिरोमणि थे जिनको हिंदू व मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपना अपना माना । सांसद कौशल किशोर ने कहा कि कबीर को मानने वाले लोग निस्वार्थ भाव से घर परिवार का मोह त्याग कर समाज को कबीर के बताये हुए रास्ते पर चलने के लिए जागरुक करते चले आ रहे हैं । कौशल किशोर ने कहा कि पारख सेना भजन मण्डल समाज जागरूकता उत्थान समिति के लोगों ने केंद्र व प्रदेश की सरकार बनाने में अहम भूमिका अदा की है । सम्मेलन में परम पूज्य संत श्री सुबोध साहब शास्त्री मध्य प्रदेश ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदू मुस्लिम की एकता के लिए सदगुरु कबीर ने पूरा जीवन समर्पित कर दिया । संत शिरोमणि होने के बावजूद साधु संतों की शरण में अपना जीवन व्यतीत किया । ऐसे संत शिरोमणी की जयंती को राष्ट्रीय घोषित करना राष्ट्र के लिए गौरव की बात होगी।
सम्मेलन में संत श्री गुरु वचन साहब, सीतापुर संत श्री साई राम लखन पथिक साहब, बिहार पारक महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष तेजीराम, पारख इंप्लाइज फेडरेशन के बाराबंकी के अध्यक्ष साकेत रावत, समिति के महासचिव मत्तरूदास, कोषाध्यक्ष दीनदयाल, संगठन मंत्री रघुनाथ दास, रघुनंदन आदि काफी संख्या में वक्ताओं ने उपस्थित होकर अपने विचार व्यक्त किये।





