लखनऊ। वामपंथी दलों की बैठक भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) राज्य कार्यालय, 10 विधानसभा लखनऊ में सम्पन्न हुई। बैठक में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), भाकपा माले, फारवर्ड ब्लाक शामिल रहे।

बैठक में फूलपुर तथा गोरखपुर लोकसभा के लिए हो रहे उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए समाजवादी पार्टी को समर्थन देने का निर्णय लिया गया। वामदलों ने कहा है कि भाजपा फासीवादी मनोवृत्ति से संचालित पार्टी है जो घोर साम्प्रदायिक है। जब से भाजपा सरकार कायम हुई है, आम जनता का संकट बढ़ने के साथ ही भारतीय संविधान एवं लोकतंत्र पर खतरा भी बढ़ गया है। अल्पसंख्यकों, दलितों तथा महिलाओं पर हमलों में बेतहाशा वृद्धि हुई है और जनता की एकता को भारी चोट पहुंचायी जा रही है। ऐसी स्थिति में साम्प्रदायिक एवं जनविरोधी भाजपा को हराना जनता तथा देश के हित में अत्यंत जरूरी हो गया है।
वामदलों ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के खिलाफ जनवादी तथा सेकुलर ताकतें एक साथ आ रही हैं, बसपा द्वारा इस चुनाव में समर्थन देना एक अच्छी शुरूआत है। जनता की यही इच्छा और समय की मांग है कि देश बचाने के लिए सभी सेकुलर, जनवादी वामपंथी ताकतें एक साथ खड़ी हों।
वामदलों ने इन जिलों में अपनी इकाइयों को निर्देशित किया है कि वे भाजपा को हराने के लिए सपा उम्मीदवारों के समर्थन में अपनी पूरी ताकत और सक्रियता से काम करें।
बैठक में सीपीआई के राज्य सचिव डा0 गिरीश शर्मा, राज्य कार्यकारिणी सदस्य फूलचंद्र यादव, सीपीआई (एम) के राज्य सचिव डा0 हीरालाल यादव, राज्य कमेटी सदस्य का0 के0एन0 भट्ट भाकपा माले के अरूण कुमार, फारवर्ड ब्लाक के एस.एन. सिंह चौहान उपस्थित रहे।





