JOIN US-9918956492—————————————————–
नारी सशक्तिकरण के लिए आगे आएं छात्राएं: दीप्ति सिंह
ज़िलाधिकारी की पुत्री की ने डीएम आवास पर आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम
बहराइच 25 जनवरी। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास बहराइच में निवासरत् छात्राओं में सामाजिक सरोकारों से सम्बन्धित विषयों, महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित कार्यक्रमों, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं, शिक्षा, स्वच्छता, टीकाकरण, कुपोषण जैसे विषयों के प्रति जनजागरूकता लाये जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की पुत्री कु. दीप्ति सिंह द्वारा जिलाधिकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में 51 छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की रोचकता कायम रखने के उद्देश्य से मौजूद छात्राओं को 03 ग्रुप में बाॅट कर बहराइच के इतिहास पर आधारित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम, भाषण तथा गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नगर समन्वयक श्रीमती कान्ती मिश्रा व जिला समाज कल्याण अधिकारी (वि.) श्रीमती लवी मिश्रा ने भारत के गौरवशाली इतिहास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली कालजयी महिलाओं के जीवन पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को प्रेरित किया।
कार्यक्रम की संयोजक कु. दीप्ति सिंह ने कहा कि मेरे पिता ने छात्रावास का निरीक्षण करते समय आप सभी से वादा किया था कि आप लोगों को किसी कार्यक्रम में आमंत्रित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि उस दिन किये गये वादे को पूरा करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कु. दीप्ति सिंह ने कार्यक्रम में मौजूद सभी को गणतन्त्र दिवस की पूर्व संख्या पर बधाई दी।
कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न इवेन्टों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं एवं ग्रुप को शील्ड प्रदान की गयी जबकि कार्यक्रम में मौजूद सभी छात्राओं को समाज कल्याण विभाग की ओर से प्रमाण-पत्र, स्वेटर, पेन व डायरी भेंट की गयी। भाषण प्रतियोगिता में खुशबू, आरती शुक्ला व फरीन जहाॅ को क्रमशः प्रथम, द्वित व तृतीय स्थान। गीत गायन में प्रतिभा शुक्ला व ममता शुक्ला को प्रथम, कु. रंजना व समरीन निशाॅ को द्वितीय तथा अनामिका कनौजिया व खुशबू को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के गायन से हुआ।
——————————————————————————————————————-
अवधनामा के साथ आप भी रहे अपडेट हमे लाइक करे फेसबुक पर और फॉलो करे ट्विटर पर साथ ही हमारे वीडियो के लिए यूट्यूब पर हमारा चैनल avadhnama सब्स्क्राइब करना न भूले अपना सुझाव हमे नीचे कमेंट बॉक्स में दे सकते है|





