
लखनऊ।महानायक अमिताभ बच्चन की पत्नी और राज्यसभा सदस्य जया बच्चन ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर राजयसभा का नामांकन पत्र दाखिल किया। विधानभवन में नामांकन के वक्त उनके साथ सपा के राष्टï्रीय अध्यक्ष औैर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी सांसद डिम्पल यादव,सहारा श्री सुब्रत राय सपा महासचिव किरणमय नंदा, पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा, पार्टी प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी सहित अन्य नेता मौजूद थे। इस अवसर पर उन पर फिर से विश्वास जताने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और संरक्षक मुलायम सिंह यादव का उन्होंने शुक्रिया अदा किया। जया बच्चन इससे पूर्व 2004, 2006 और फिर 2012 में राज्यसभा सदस्य बनी थी। विधानसभा में सपा सदस्यों की संख्या 47 होने के कारण जया बच्चन की जीत यक़ीनी है। इसी के साथ सपा के बाकी सदस्य भी बसपा और कांग्रेस के सहयोग से किसी एक अन्य विपक्षी उम्मीदवार को जिताने की ताकत रखते हैं। प्रदेश की फूलपुर और गोरखपुर लोकसभा में हो रहे उपचुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी के सपा उम्मीदवारों के समर्थन और बदले में राज्यसभा के लिए समर्थन की शर्त पर बसपा उम्मीदवार भीमराव अम्बेडकर सपा के शेष वोटों और कांग्रेस के 7 वोटों की मदद से राज्यसभा पहुंचेंगे। प्रदेश में राज्यसभा के लिए हो रहे चुनाव में इस बार कांग्रेस को अपनी अब तक की न्यूनतम सीटों के चलते महरूमी हासिल होगी, लेकिन विधान परिषद के उम्मीदवार के तौर पर कांग्रेस प्रत्याशी को सपा और बसपा की मदद मिल सकती है। अभी तक राजयसभा के लिए सपा और बसपा प्रत्याशियों की सफलता ही निश्चित मानी जा रही है।





