JOIN US-9918956492————————————-
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानमण्डल के बजट सत्र की आज हंगामेदार शुरुआत हुई. राज्यपाल राम नाईक ने विपक्षी सदस्यों के शोरगुल और नारेबाजी के बीच अभिभाषण पढ़ा. राज्यपाल का अभिभाषण के दौरान विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी जारी रही. सपा सदस्य लाल टोपी, बसपा के नीली तो कांग्रेस के सदस्य सफेद टोपी पहनकर सदन में आये थे. सपा सदस्य संजय लाठर आलुओं की माला पहनकर आये थे.

विपक्षी सदस्य नारे लगा रहे थे एवं पोस्टर और प्लेकार्ड भी लहरा रहे थे. पोस्टरों में कासगंज हिंसा, बेरोजगारी, किसानों की दयनीय स्थिति का भी उल्लेख था. नाईक के संबोधन के दौरान सपा सदस्य आसन के सामने आकर नारेबाजी करने लगे. उन्होंने हवा में गुब्बारे फेंके, कागज के हवाई जहाज बनाकर उड़ाये और जब राज्यपाल इन सबसे विचलित नहीं हुए तो कागज के गोले उनकी ओर फेंकना शुरू कर दिया, जिन्हें मार्शल फाइलों से रोक रहे थे.
विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने अभिभाषण पूरा होने के बाद कहा कि कतिपय सदस्यों के निन्दनीय आचरण के बावजूद राज्यपाल डेढ़ घंटे तक अपने संवैधानिक कर्तव्यों का निर्वाह करते रहे. इससे पहले राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का जिक्र किया, जिनका सत्तापक्ष के सदस्यों ने मेज थपथपाकर स्वागत किया.
नाईक ने कहा कि प्रदेश सरकार ‘मनसा, वाचा, कर्मणा’, ‘सबका साथ सबका विकास’ के आधार पर काम कर रही . उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुंडों, माफियाओं और अराजक तत्वों के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में कानून का राज स्थापित करने के लिये कृत संकल्पित है. इस दिशा में किये गये प्रयासों के सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं.
नाईक ने कहा, ‘सरकार द्वारा प्रदेश में अपराधमुक्त, भयमुक्त व अन्यायमुक्त वातावरण का सृजन करते हुए कानून का राज स्थापित किया गया है. कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. विभिन्न आपराधिक एवं माफिया तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है.’ उन्होंने कहा कि प्रदेश में नयी सरकार के गठन के पश्चात कानून व्यवस्था को सुदृढ करने के लिए किये गये प्रयासों के सकारात्मक परिणाम परिलक्षित हुए हैं.
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्णयों एवं नीतियों का सकारात्मक परिणाम प्रदेश की जनता को महसूस हो रहा है. सरकार के निर्णयों से पहली बार लोगों को एहसास हो रहा है कि यह आमजन की सरकार है. नाईक ने कहा कि सरकार का मकसद नीतियों एवं योजनाओं का लाभ समाज के निचले स्तर तक पहुंचाना है ताकि समाज के सभी वर्गों का आर्थिक, शैक्षिक, सामाजिक एवं सर्वांगीण विकास हो सके.
उन्होंने कृषि क्षेत्र और किसानों के लिए फसल रिण माफी योजना सहित विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया. विशेष रूप से गन्ना, गेहूं और धान के किसानों के लिए सरकार की ओर से किये गये उपाय गिनाये.

नाईक ने बिजली, सौर उर्जा, चिकित्सा, आयुष, आवास, मेट्रो रेल, औद्योगिक निवेश एवं रोजगार सृजन, बुंदेलखंड एवं पूर्वांचल के विकास की योजनाओं, सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम प्रोत्साहन, एक जनपद एक उत्पाद कार्यक्रम, कौशल विकास मिशन, स्कूली बच्चों को दी गयी मदद, सामूहिक विवाह योजना, शिक्षा, पशु आरोग्य शिविर, पशु मेले, गौशालाओं के संरक्षण, गोवंश के भरण पोषण और प्रयाग में होने वाले कुंभ मेले का विशेष रूप से उल्लेख किया.
उन्होंने सदस्यों से अपील की कि वे दलीय निष्ठा से उपर उठकर विस्तृत विचार विमर्श कर सरकार का सहयोग करेंगे.
https://www.youtube.com/watch?v=PBLx74WM1t8





