सीमाब
लखनऊ। राज्यसभा नामांकन के आखरी दिन सोमवार को बीजेपी की ओर से वित्तमंत्री अरुण जेटली सहित 11 प्रत्याशियों विधानसभा में नामांकन किया। इस चुनाव के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र लेने वाले व्यापारी अनिल अग्रवाल सहित दो अन्य प्रत्याशियों ने भाजपा की ओर से नामांकन कर बसपा के लिए मुश्किल खड़ी कर दी है। बीजेपी ने रविवार रात अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की थी। बता दें कि 16 राज्यों की 58 राज्यसभा सीटों के लिए 23 मार्च को वोटिंग होगी। इसी दिन वोटों की गिनती होगी जबकि 12 मार्च नामांकन की आखिरी तारीख थी।कयास लगाए जा रहे थे कि बीजेपी अपना 9वां उम्मीदवार नहीं उतारेगी लेकिन नामांकन प्रकिया खत्म होने से कुछ मिनट पहले बीजेपी ने व्यापारी अनिल अग्रवाल का समर्थन करने का ऐलान कर दिया। साथ ही सलिल विश्नोई ने भाजपा के 10 वे और विद्या सागर सोनकर ने 11 वें प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया ।

सूत्रों के मुताबिक वह बीजेपी के 9वें उम्मीदवार होंगे। यूपी में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए वोटिंग होगी। इन 10 सीटों में से बीजेपी के खाते में 8 सीटे हैं। जेटली के नामांकन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय, डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा , केशव प्रसाद मौर्या, मंत्री श्रीकांत शर्मा समेत कई भाजपा के नेता मौजूद थे।भाजपा राज्यसभा प्रत्याशी डॉ अनिल जैन ने कहा कि- पार्टी को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए जो संभव होगा वह किया जाएगा। मैं पार्टी के सभी पदाधिकारियों का और नेतृत्व को धन्यवाद देता हूं। उत्तर प्रदेश मेरी जन्मभूमि और लखनऊ मेरी कर्मभूमि है। मैं उत्तर प्रदेश के सभी विकास के कार्यों में और उत्तर प्रदेश एक नंबर का राज्य बने इसके लिए प्रयास करूंगा। केंद्र और राज्य में जो सरकार चल रही है यह डबल इंजन के रुप में प्रदेश को बहुत ऊपर ले जाने का काम करेंगी।
क्रॉस वोटिंग का डर
बसपा ने पूर्व विधायक भीमराव अंबेडकर को अपना राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया था। सपा और कांग्रेस ने भी बसपा कैंडिडेट को समर्थन का ऐलान किया है लेकिन तीन अन्य लोगो के भाजपा से मैदान में उतरने से बसपा की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। सूत्रों के मुताबिक सपा और कांग्रेस के कुछ विधायक क्रॉस वोटिंग कर सकते हैं। न ऐसे में दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच बातचीत हुई है जिसके बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता अजय कुमार लल्लू ने बसपा प्रत्याशी को समर्थन देने की घोषणा की।
ये हैं भाजपा के पहले से घोषित उम्मीदवार
अरुण जेटली (वित्त मंत्री), डॉ. अशोक बाजपेयी, विजयपाल सिंह तोमर, सकलदीप, कांता कर्दम, डॉ. अनिल जैन,जीवीएल नरसिम्हा राव, हरनाथ सिंह यादव।
यूपी के इन नेताओं की राज्यसभा सदस्यता समाप्त हो रही है
जया बच्चन – एसपी -यूपी- अप्रैल 2018, नरेश अग्रवाल -एसपी -यूपी- अप्रैल 2018, किरणमय नंदा- यूपी- एसपी- अप्रैल 2018, चौधरी मुनव्वर सलीम- एसपी- यूपी- अप्रैल 2018, दर्शन सिंह यादव-एसपी-यूपी-अप्रैल 2018, मुनकाद अली – बीएसपी-यूपी- अप्रैल 2018, प्रमोद तिवारी- कांग्रेस यूपी- अप्रैल 2018, आलोक तिवारी- एसपी- यूपी- अप्रैल 2018, विनय कटियार -बीजेपी -अप्रैल 2018
क्या होगा राज्यसभा का गणित
यूपी में 403 विधानसभा सीटें हैं। राज्यसभा के चुनाव 10 सीटों के लिए होना है। यूपी की सदस्य संख्या 403 है। राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए एक सदस्य को औसतन 38 विधायकों का समर्थन चाहिए।





