
छत्तीसगढ़ के दुर्ग में स्थित भिलाई इस्पात संयंत्र में मंगलवार सुबह एक पाइप लाईन फटने से छह कर्मचारियों की मौत हो गई जबकि 14 लोगो के घायल होने की ख़बर भी है.
दुर्ग ज़िले के पुलिस महानिरीक्षक जी पी सिंह का कहना है कि ज़िले के भिलाई शहर में स्थित भिलाई इस्पात संयंत्र में हुए हादसे में छह कर्मचारियों की मौत हुई है जबकि 14 अन्य घायल हो गए हैं.
सिंह ने बताया कि संयंत्र के कोक ओवन के करीब 25 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे, उसी वक्त सुबह करीब 11 बजे अचानक पाइप लाईन में विस्फोट हो गया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए. इस घटना में अभी तक छह लोगों के मारे जाने की सूचना है.
इधर भिलाई इस्पात संयंत्र के अधिकारियों ने बताया कि संयंत्र में कोक ओवन करीब कर्मचारी काम कर रहे थे तब वहां पाइप लाईन में विस्फोट हो गया. इससे कर्मचारी झुलस गए. अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल के कर्मी मौके पर मौजूद हैं. हालात पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है.





