आयोजकों को दर्द दे गईं सपना……
कानपुर में आयोजित हुआ “सपना चौधरी नाइट” प्रोग्राम चढ़ा अराजकता की भेंट
– डांस प्रोग्राम के एंट्री पास पर सीएम की फोटो और जमकर हुये तोड़-फोड़ हंगामे को लेकर हुई आयोजकों पर कई एफआईआर

कानपुर महानगर। शहर में लगी धारा 144 और मौजूदा समय में चल रहीं यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के दौर में देश के कर्णधारों के भविष्य को ताक पर रखकर कानपुर में आयोजित किये गये “सपना चौधरी नाइट” प्रोग्राम के आयोजकों को हरियाणा की मशहूर स्टेज डांसर सपना चौधरी दर्द दे गईं। दरअसल इस कार्यक्रम के एंट्री पास पर सीएम की फोटो लगाने और चल रहे कार्यक्रम के दौरान हुई तोड़-फोड़ के साथ हुये जबरदस्त हंगामे को लेकर आयोजकों के ऊपर कई एफआईआर दर्ज करायी गईं हैं।
कानपुर शहर के प्रतिष्ठित डॉ0 आनंद झा ने हरियाणा की मशहूर “स्टेज डांसर बिग बॉस फेम” सपना चौधरी का डांस प्रोग्राम शहरियों के लिये “सपना चौधरी नाइट” का आयोजन कराया। यह प्रोग्राम शुरू से ही विवादों में रहा। चाहें वो शहर में चल रही बोर्ड परीक्षाओं के दौरान जिला प्रशासन द्वारा दी जानें वाली अनुमति का मामला रहा हो या फिर आयोजक डॉ0 आनंद झा द्वारा इस डांस प्रोग्राम के एंट्री पास पर स्टेज डांसर सपना चौधरी और अपने साथ लगायी गयी सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ की फोटो का। आयोजकों पर उंगलियाँ शुरू से ही उठने लगीं थी। कार्यक्रम स्थल से चंद कदमों की दूरी पर शहर का प्रतिष्ठित कालेज बीएनएसडी इण्टर कालेज और हॉस्टल साथ ही अगले दिन इंटरमीडिएट परीक्षार्थियों की गणित की परीक्षा शहरवासियों के बीच चर्चा का विषय थी। हर जुबां पर सवाल था तो सिर्फ ये कि आखिर ऐसे समय में और ऐसी जगह पर इस तरह के आयोजन की अनुमति जिला प्रशासन ने कैसे दे दी। क्योंकि सबको यही लग रहा था कि सरकारी मशीनरी ने नियमों को ताक पर रखकर इस प्रोग्राम की परमीशन दी है।
डॉ0 आनंद झा द्वारा टिकटों पर लगायी गयी सीएम की फोटो पर भाजपाई शुरू से ही आक्रोशित थे। लेकिन आयोजकों की कुंडली में शनि उस समय और बैठ गया जब चलते हुये इस प्रोग्राम के बीच अंदर बेकाबू भीड़ ने डांसर की एक झलक पाने के लिये आयोजन स्थल पर लगाई गई बेरिकेडिंग तोड़ दी। बेरिकेडिंग और टीनशेड तोड़कर अंदर घुसी भीड़ से कार्यक्रम में भगदड़ सा माहौल हो गया। महंगे टिकट और वीआईपी पास लिये लोगों और इस भीड़ में हुड़दंगियों से नोंक-झोंक होने लगी। देखते ही देखते कुर्सियां चलने लगीं। जिसके चलते आयोजकों द्वारा स्टेज से कार्यक्रम समाप्त करने का अनाउंस कर दिया गया।
बस फिर क्या था वंश मोर वंश मोर की आवाज लगाने वाले कनपुरियों की भीड़ से पत्थर चलाने शुरू कर दिये गये। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ पर लाठियां चलाना शुरू कर दिया। उपद्रवियों द्वारा अंधेरे का फायदा उठाकर लाठियों के जवाब में जमकर पथराव किया गया। जिससे कई लोग गम्भीर रूप से घायल हुये।आयोजन स्थल के बाहर खड़ी कई गाड़ियाँ गुस्साई भीड़ ने तोड़ीं।
लगभग आधा घंटे तक किये गये पुलिस के लाठी चार्ज के बाद हो हल्ले और हंगामें की स्थिति सामान्य हुई जिसके लिये पुलिस प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कनपुरियों द्वारा किये इस हंगामें के बीच डांसर सपना चौधरी को स्टेज से निकालने के लिये उनके बाउंसरों को नानी याद आ गई।
कानपुर में हुये इस विवादित “सपना चौधरी नाइट” प्रोग्राम में जहाँ आयोजकों की थू-थू हुई वहीं कई एफआईआर भी दर्ज करवाई गईं हैं।
सर्वोत्तम तिवारी की रिपोर्ट —————–





